सीतापुर। जिले में गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खैराबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल, तकनीकी सहायता और सर्विलांस की मदद से 17 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक कुमार और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव के पर्यवेक्षण में खैराबाद पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। मोबाइल फोन बरामद करने के बाद थाना खैराबाद परिसर में उनके स्वामियों को बुलाकर फोन सुपुर्द कर दिए गए।
खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की। पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन की पहचान और तलाश में तकनीकी सहायता मिलती है, जिससे गुम या चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी में मदद मिलती है।
इन थाना क्षेत्रों के लोगों को मिले मोबाइल
बरामद मोबाइलों में खैराबाद के अलावा कमलापुर, कोतवाली नगर, रामकोट, मछरेहटा, लालगंज (प्रतापगढ़) और रेउसा थाना क्षेत्रों के लोगों के फोन शामिल हैं। बरामद मोबाइलों में रेडमी, सैमसंग, रियलमी, ओप्पो, वीवो और मोटोरोला समेत विभिन्न कंपनियों के फोन हैं।
पुलिस टीम रही शामिल मोबाइल बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक भारत यादव, मुख्य आरक्षी नवनीत कुमार, आरक्षी अंकित कुमार, रिजर्व कांस्टेबल ओमजी चौहान और रिजर्व कांस्टेबल पारस सक्सेना शामिल रहे।