सीतापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सकरन पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कमलेश कुमार वर्मा पुत्र महेश्वर प्रसाद वर्मा निवासी ग्राम बंजरिया, मजरा रतनापुर, थाना तालगांव, जनपद सीतापुर, हाल पता मोहल्ला शंकरगंज, थाना बिसवां के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर तथा क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित चौहान के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। अभियुक्त थाना बिसवां में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 260/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम में वांछित था। वह करीब एक माह से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त शातिर एवं अभ्यस्त अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, नकबजनी सहित अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में भी मामले पंजीकृत हैं। पुलिस अब अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर उसके जब्तीकरण की कार्रवाई करेगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतीश चंद्र, मुख्य आरक्षी बृजेश यादव तथा आरक्षी मनोज पाल और अलकेश शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।