सीतापुर। मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन सीतापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित “ग्राम सुरक्षा में योगदान, ग्राम प्रहरियों का सम्मान” कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थानों में नियुक्त ग्राम प्रहरियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मंत्री राकेश राठौर गुरु, मंत्री सुरेश राही, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि तथा पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा के संबंध में जानकारी दी गई। इस पहल को ग्राम प्रहरियों के कल्याण और उनके मनोबल को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।
ग्रामीण सुरक्षा में ग्राम प्रहरियों की भूमिका अहम: मंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश राठौर गुरु और मंत्री सुरेश राही ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांवों में पुलिस की आंख और कान के रूप में कार्य करते हैं। उनके द्वारा समय पर दी जाने वाली सूचनाएं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, अपराधों की रोकथाम और बड़ी घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और ग्रामीण जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान सराहनीय है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम प्रहरियों को उनके दायित्वों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।