वृद्धाश्रम में माताओं को वस्त्र व प्रसाद वितरित कर लिया आशीर्वाद
सीतापुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को सीतापुर पुलिस ने नैमिषारण्य क्षेत्र स्थित बजरंग दल वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता ने वृद्धाश्रम में निवासरत माताओं एवं महिलाओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही जरूरतमंद महिलाओं को वस्त्र एवं प्रसाद वितरित कर सेवा, सम्मान और अपनत्व का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता, बुजुर्गों के सम्मान और सामाजिक सहभागिता पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में माताओं एवं बुजुर्गों का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। उनका सम्मान करना और सुख-दुःख में सहभागी बनना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष नैमिषारण्य नवनीत मिश्रा, थानाध्यक्ष महिला थाना मधु यादव तथा मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक स्वाती चतुर्वेदी सहित मिशन शक्ति केंद्र (एमएसके) की टीम मौजूद रही पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। साथ ही समाज में ऐसा वातावरण बनाने पर बल दिया, जहां प्रत्येक महिला स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और समाज का अभिन्न अंग महसूस कर सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।